Home Crime युवक की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने पुलिस पर लगाया हत्या का...

युवक की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने पुलिस पर लगाया हत्या का आरोप, DSP बोले जांच में दोषी पाए गए तो होगी कार्रवाई

116
0

पानीपत| हरियाणा के पानीपत जिले की पुलिस एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। रविवार शाम को शुरू हुई एक घटना ने सोमवार को बड़ा मोड़ ले लिया, जब यमुना पुल के नीचे एक 22 वर्षीय युवक विजय का शव बरामद हुआ। मृतक के परिजनों ने हरियाणा पुलिस पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

क्या है पूरा मामला?

कांधला (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले विजय और अजय, दोनों सगे भाई, रविवार को कुरुक्षेत्र से अपने गांव कैराना लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पानीपत जिले के सनौली क्षेत्र में तीन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका, टेंपो से उतारा और मारपीट की तथा पैसे छीन लिए।

मृतक के भाई अजय के अनुसार, पुलिसकर्मी उसे सनौली पुलिस चौकी ले गए, जबकि विजय को तीन पुलिसकर्मी पीछा करते हुए अलग दिशा में ले गए। विजय रातभर लापता रहा और अगले दिन उसका शव यमुना पुल के नीचे बरामद हुआ।

परिजनों का आरोप—पुलिस ने मारा और पैसे भी छीने

अजय का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उससे 15 हजार रुपये छीन लिए, और उसके पिता को भी बुलाकर उनसे भी पैसे लिए। जब उन्होंने विजय के बारे में पूछा तो पुलिस ने कहा कि “वह भाग गया है”। सोमवार सुबह जब विजय का शव मिला तो परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे पुल से धक्का देकर मारा गया। इसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने सड़क पर जाम लगा दिया।

पुलिस का पक्ष—छेड़छाड़ के आरोप में पकड़े गए थे युवक

DSP नरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों युवकों को रविवार को एक युवती से छेड़छाड़ के आरोप में पकड़ा गया था। सोमवार को एक युवक का शव बरामद हुआ है। “परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी जांच की जाएगी।” उन्होंने कहा कि इलाके में CCTV कैमरे लगे हैं, फुटेज खंगाली जाएगी और यदि पुलिसकर्मी दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here