रोहतक | हरियाणा राज्य वुशू (सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग – महिला एवं पुरुष) चैंपियनशिप 2025 का दो दिवसीय आयोजन 3 और 4 मई को रोहतक स्थित सैनी धर्मशाला में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में राज्यभर के 15 जिलों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया और शानदार प्रदर्शन किया।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी
चैंपियनशिप का उद्घाटन सैनी शिक्षण संस्था के उपाध्यक्ष और अधिवक्ता देवेंद्र सैनी ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर किया। कार्यक्रम में हरियाणा जम्प रोप संघ के महासचिव बीर सिंह आर्य और नगर निगम रोहतक की पार्षद आशा लता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
15 जिलों के खिलाड़ियों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में झज्जर, पानीपत, गुरुग्राम, पलवल, मेवात, फरीदाबाद, रोहतक और करनाल सहित कुल 15 जिलों के प्रतिभागी खिलाड़ियों ने भाग लिया। चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
हरियाणा एमेच्योर वुशू संघ के महासचिव राजकुमार सैनी ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह में समाजसेवी राकेश सैनी, जो भाजपा नेता भी रह चुके हैं, ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सोमबीर वशिष्ठ (भिवानी), विजय, गौरव (रोहतक), निर्वेश (पानीपत), प्रभा सिंह (गुरुग्राम), सुंदर (पलवल), प्रियंका (झज्जर) सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।







