रोहतक | जिले के भालौठ सब ब्रांच नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव के हाथ और पैर बंधे हुए मिलने के कारण प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भिजवा दिया गया है।
शव की हालत ने बढ़ाई हत्या की आशंका
स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह नहर में शव देख पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक के हाथ व पैर कपड़े से बंधे हुए थे और पैरों से बंधे कपड़े में ईंट-पत्थर भी लिपटे थे, जिससे शव पानी में न तैर सके। नहर में फिलहाल पानी नहीं बह रहा, जिससे शव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।
शव की शिनाख्त और मौत की वजह की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, शव कई दिन पुराना हो सकता है। प्रारंभिक जांच में यह हत्या का मामला लग रहा है, हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शव पानी के साथ बहकर आया है या फिर किसी ने उसे यहीं नहर में फेंका है। शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिस पर पुलिस टीमें शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद तय होगा अगला कदम
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को गंभीरता से जांचा जा रहा है।







