करनाल। फरवरी के पहले पखवाड़े में जिले में मौसम के मिजाज में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर दर्ज की जा रही है, लेकिन कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति फिलहाल किसानों के लिए चिंता का विषय नहीं है।
भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. रतन तिवारी ने बताया कि मौजूदा तापमान गेहूं सहित अन्य रबी फसलों की बढ़वार के लिए अनुकूल है। इस समय औसत तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो गेहूं की खेती के लिए सामान्य माना जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परेशानी की स्थिति तब बनती है, जब लंबे समय तक तापमान असामान्य रूप से अधिक बना रहे।
विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल गेहूं और रबी फसलों पर कोई प्रतिकूल असर देखने को नहीं मिला है। यदि आगे चलकर तापमान में असामान्य वृद्धि होती है, तो वैज्ञानिक स्तर पर विश्लेषण कर किसानों को आवश्यक सलाह दी जाएगी।
वहीं जिला बागवानी अधिकारी डॉ. कमल सैनी ने कहा कि सब्जियों और बागवानी फसलों के लिए भी वर्तमान मौसम अनुकूल है। टमाटर, मटर, फूलगोभी, पत्ता गोभी सहित मौसमी सब्जियां सामान्य रूप से विकसित हो रही हैं और फलदार पौधों में भी कोई समस्या सामने नहीं आई है।
मौसम विभाग से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ कमजोर बना हुआ है, जिससे हरियाणा के मैदानी क्षेत्रों में बारिश या तेज तापमान बदलाव की संभावना बेहद कम है। हालांकि, दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रह सकती है, जबकि रात का तापमान सामान्य बना रहेगा।







