फतेहाबाद | शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था श्री राम सेवा समिति द्वारा फतेहाबाद के खैरातीखेड़ा रोड पर एक आधुनिक चैरिटेबल अस्पताल का निर्माण कार्य शुक्रवार को विधिवत भूमि पूजन और मंत्रोच्चारण के साथ आरंभ किया गया। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी जिंदल व अग्रवाल सभा के संरक्षक देवीदयाल तायल ने शिलान्यास किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के प्रधान धर्मपाल बुढ़लाडिया ने की।
धर्मपाल बुढ़लाडिया ने बताया कि यह अस्पताल जल्दी ही बनकर तैयार होगा और आमजन की सेवा में समर्पित रहेगा। अस्पताल में विशेष रूप से जरूरतमंद परिवारों को कम दरों पर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में अब तक कोई चैरिटेबल अस्पताल न होने के कारण मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों में इलाज करवाना पड़ता था या फिर गंभीर हालत में बाहर के शहरों का रुख करना पड़ता था।
15 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
संस्था के सचिव ज्ञानचंद मित्तल और उपप्रधान राजेंद्र मोदी ने जानकारी दी कि इस अस्पताल के निर्माण में शहर के समाजसेवी और प्रबुद्ध नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया है। अस्पताल के निर्माण पर करीब 15 करोड़ रुपये की लागत आने की संभावना है। यह स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे फतेहाबाद के नागरिकों को आपातकालीन और नियमित चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
श्री राम सेवा समिति ने यह बीड़ा फतेहाबादवासियों की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को देखते हुए उठाया है और अब यह संकल्प मूर्त रूप लेने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।







