Home Crime धारौली में युवती की हत्या का मामला: आरोपी नरेंद्र गिरफ्तार, पांच दिन...

धारौली में युवती की हत्या का मामला: आरोपी नरेंद्र गिरफ्तार, पांच दिन की पुलिस रिमांड पर

157
0

साल्हावास। गांव धारौली में 23 वर्षीय हिमांशु उर्फ निधि की जलाकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान रेवाड़ी जिले के धुड़कावास गांव निवासी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नरेंद्र ने विवाह प्रस्ताव ठुकराए जाने की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पेट्रोल से भरी दो बोतलें लेकर आया था, जिनका इस्तेमाल उसने युवती को आग के हवाले करने में किया। घटना में आरोपी नरेंद्र के हाथ और चेहरा भी झुलस गए हैं। वहीं, निधि की बड़ी बहन कोमल भी झुलसने के कारण रोहतक पीजीआई में इलाजरत है।

अचानक लगी आग, हुई दर्दनाक मौत

थाना प्रभारी निरीक्षक दिलबाग सिंह ने बताया कि 28 अप्रैल को गांव धारौली निवासी राजकुमार ने पुलिस को सूचना दी कि उसके चाचा अजीत की दो बेटियां हैं — बड़ी बेटी कोमल शादीशुदा है और अपनी छोटी बहन निधि के साथ मायके में रहती है। 27 अप्रैल की रात दोनों बहनें घर में सो रही थीं, तभी अचानक घर में आग लग गई। इस घटना में निधि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कोमल गंभीर रूप से झुलस गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घटनास्थल से दो बदबूदार प्लास्टिक की बोतलें बरामद की गईं, जो पेट्रोल से भरी होने की आशंका को बल देती हैं।

परिजनों को पहले से था शक

निधि के चचेरे भाई राजकुमार ने बताया कि घटना के समय कोमल होश में थी और उसने पूरी घटना की जानकारी दी थी। कोमल ने बताया कि आग लगने के बाद उसने तेज सिंह को फोन कर बुलाया था। परिजनों का कहना है कि नरेंद्र के साथ निधि का रिश्ता तय करने की बात हुई थी, लेकिन निधि ने इससे इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज़ होकर नरेंद्र ने यह खौफनाक कदम उठाया।

आरोपी पुलिस रिमांड पर

गिरफ्तारी के बाद आरोपी नरेंद्र को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान मामले की गहराई से जांच की जाएगी और किसी अन्य संलिप्त व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here