चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम ने करवट ली है और राज्य के कई हिस्सों में बारिश व आंधी-तूफान से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हिसार, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, गुरुग्राम, पानीपत, भिवानी, झज्जर, जींद, महेंद्रगढ़, पलवल और फरीदाबाद में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। झज्जर में तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बीती रात करनाल, पानीपत और कैथल में बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, फतेहाबाद, सिरसा, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, हिसार, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं रविवार को एक बार फिर पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और झज्जर में बारिश की उम्मीद है।
हालांकि वीरवार को अधिकतम तापमान में औसतन 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन बारिश के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है। फिलहाल राज्य में सबसे अधिक गर्म सिरसा जिला रहा।







