Home Haryana यूएचबीवीएन ने लागू की नई व्यवस्था, बिना अनुमति मुख्यालय पहुंचना अब प्रतिबंधित

यूएचबीवीएन ने लागू की नई व्यवस्था, बिना अनुमति मुख्यालय पहुंचना अब प्रतिबंधित

40
0

Yamunanagar, 23 November-:उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने कर्मचारियों की मुख्यालय पंचकूला में आवागमन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी है। निगम द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब कोई भी कर्मचारी निजी या व्यक्तिगत कार्यों के लिए बिना पूर्व स्वीकृति के मुख्यालय में प्रवेश नहीं कर सकेगा। यह निर्णय मुख्यालय में अनावश्यक भीड़ और कर्मचारियों के बार-बार आने-जाने को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि व्यक्तिगत मामलों के समाधान के लिए सबसे पहले वह अपने विभागीय स्तर पर ही प्रयास करें। इसके लिए संबंधित एसडीओ, उप-विभागीय अधिकारी या कार्यालय प्रभारी से संपर्क करना अनिवार्य होगा। केवल अत्यावश्यक या संवेदनशील परिस्थितियों में ही कर्मचारी को मुख्यालय आने की अनुमति दी जाएगी, वह भी तब जब वह अपने नियंत्रक अधिकारी से फोन या ई-मेल के माध्यम से पूर्व स्वीकृति प्राप्त कर ले।निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ये दिशा-निर्देश निगम के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों, उपमंडलों, मंडलों, जोन और मुख्यालय में कार्यरत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों पर समान रूप से लागू होंगे। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी उच्चाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मिलना चाहता है, तो उसे पहले टेलीफोन या ई-मेल के माध्यम से अपॉइंटमेंट लेना होगा। अनुमति मिलने के बाद ही उपयुक्त समय निर्धारित किया जाएगा, जिससे मुख्यालय में अनावश्यक भीड़ और प्रतीक्षा की स्थिति से बचा जा सके।

इसके अलावा, जिन मामलों को पहले किसी अन्य स्तर पर उठाया जा चुका है और जिनमें उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप की जरूरत है, ऐसे मामलों में कर्मचारी अपने नियंत्रण अधिकारी को अवगत कराकर संबंधित अगली अथॉरिटी से मिलने की अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। निगम का कहना है कि यह व्यवस्था पारदर्शिता बढ़ाने, प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बेहतर करने और समय की बचत सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here