Home Haryana जुलाना के अकालगढ़ गांव में गिरी आसमानी बिजली, मकान क्षतिग्रस्त, 10 लाख...

जुलाना के अकालगढ़ गांव में गिरी आसमानी बिजली, मकान क्षतिग्रस्त, 10 लाख रुपये का नुकसान

198
0

जुलाना |  अकालगढ़ गांव में शुक्रवार सुबह तेज बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से एक मकान को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे में किसी की जान का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।

गांव के रहने वाले जयवीर ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे तेज बारिश के साथ अचानक बिजली उनके मकान पर गिरी। जोरदार धमाके के साथ मकान की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए और दीवारों व लेंटर में गहरी दरारें आ गईं। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त पूरा परिवार मकान की निचली मंजिल पर था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।

बिजली उपकरण और स्कूल रिकॉर्ड जलकर नष्ट

बिजली गिरने से मकान में लगे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, जैसे एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, इन्वर्टर और पंखे पूरी तरह जल गए। साथ ही पूरे मकान की वायरिंग भी खाक हो गई। मकान के निचले हिस्से में एक निजी स्कूल भी संचालित हो रहा था, जिसमें रखा रिकॉर्ड भी पूरी तरह जल गया।

जयवीर के अनुसार, इस हादसे में उन्हें लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा के तहत उन्हें मुआवजा दिया जाए ताकि वे दोबारा से अपने मकान और स्कूल को दुरुस्त कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here