रोहतक | रोहतक जिले के सांपला खंड के अटायल गांव में देर रात हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। मजदूरों के साथ हुए विवाद के बाद एक अधेड़ व्यक्ति को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आधी रात के करीब मोहित नामक युवक अपने 2-3 साथियों के साथ गांव निवासी रणबीर के घर के पास पहुंचा, जहां मजदूरों से किसी बात को लेकर बहस हो गई। मजदूरों ने तुरंत मकान मालिक रणबीर को इसकी जानकारी दी। रणबीर, उनके परिवार के सदस्य सतबीर और अन्य कुछ लोग मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचते ही मोहित ने कथित रूप से पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जो सीधे सतबीर को लगी। गोली लगने से सतबीर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मोहित और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सतबीर को तुरंत खेड़ी साध के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद, पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।







