Home Haryana सड़क सुरक्षा पर डीसी प्रीति सख्त, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई...

सड़क सुरक्षा पर डीसी प्रीति सख्त, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

180
0

कैथल। उपायुक्त प्रीति ने सोमवार को लघु सचिवालय में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।

डीसी ने कहा कि विद्यार्थियों और आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। कॉलेजों के बाहर चेकपोस्ट स्थापित हों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के चालान किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी सड़कें खराब हैं, वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया जाए ताकि दुर्घटनाएं टाली जा सकें।

स्कूल बसों की सख्त जांच के निर्देश

डीसी प्रीति ने स्कूल वाहन नीति का उल्लंघन कर रही बसों को तुरंत जब्त करने और एक सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरटीए विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी ने लापरवाही बरती, तो उनके खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा।

अवैध पार्किंग पर कार्रवाई हो

डीसी ने पुलिस विभाग को अवैध और रॉन्ग साइड पार्किंग पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहनों के चालान बढ़ाए जाएं और सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, वन विभाग को निर्देश दिए कि सड़क किनारे टहनियों की नियमित छंटाई हो।

विभागीय समन्वय और आंकड़े

उपायुक्त ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे सड़क सुरक्षा पर नियमित बैठकें करें और रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को भेजें। डीईओ को सख्त लहजे में कहा गया कि नियमों का पालन न करने वाली स्कूल बसों पर तुरंत कार्रवाई करें।

बैठक में आरटीए गिरीश कुमार ने जानकारी दी कि मार्च में पुलिस विभाग ने 3169 चालान कर ₹25.89 लाख का जुर्माना वसूला, जबकि आरटीए विभाग ने 103 चालान कर ₹33.78 लाख की वसूली की।

बैठक में कैथल एसडीएम अजय सिंह, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीईओ रामदिया, डीआईओ दीपक खुराना, एक्सईएन वरुण कंसल, प्रशांत ग्रोवर, सतपाल सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here