Home Haryana हरियाणा के नरेंद्र कुमार ने माउंट अन्नपूर्णा फतह कर रच दिया इतिहास,...

हरियाणा के नरेंद्र कुमार ने माउंट अन्नपूर्णा फतह कर रच दिया इतिहास, प्रदेश के पहले पर्वतारोही बने

225
0

चंडीगढ़ । हिसार जिले के मिंगनी खेड़ा गांव के पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने माउंट अन्नपूर्णा की चुनौतीपूर्ण चोटी पर तिरंगा फहराकर हरियाणा का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है। 8,091 मीटर ऊंची इस चोटी को विश्व की सबसे खतरनाक चोटियों में से एक माना जाता है। नरेंद्र, यह उपलब्धि हासिल करने वाले हरियाणा के पहले पर्वतारोही बन गए हैं।

2019 में की थी शुरुआत, अब रचा इतिहास

नरेंद्र कुमार ने पर्वतारोहण की शुरुआत वर्ष 2019 में मनाली स्थित अटल बिहारी इंस्टीट्यूट से बेसिक कोर्स के साथ की थी और 2021 में उन्होंने दार्जिलिंग के हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट से एडवांस कोर्स पूरा किया। उनके पिता सुभाष चंद्र, जो एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, हमेशा उनके समर्थन में रहे।

12 दिन में फतह की अन्नपूर्णा की चोटी

नरेंद्र ने 25 मार्च 2025 को अपने अभियान की शुरुआत की और 7 अप्रैल की सुबह 10:30 बजे माउंट अन्नपूर्णा की चोटी पर तिरंगा फहराकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने कुल 12 दिनों में यह चढ़ाई पूरी की, जो लगातार हिमस्खलन और प्रतिकूल मौसम जैसी गंभीर चुनौतियों से भरी रही।

पहले भी बना चुके हैं कई कीर्तिमान

नरेंद्र इससे पहले भी पर्वतारोहण की दुनिया में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। उन्होंने माउंट किलिमंजारो पर महज पांच दिनों में दो बार चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वे माउंट ल्होत्से (8,516 मीटर) पर चढ़ाई करने वाले हरियाणा के पहले व्यक्ति हैं। साथ ही, 15 अगस्त 2021 को माउंट युनम पर 151 फीट लंबा और 9 फीट चौड़ा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अमृत महोत्सव को खास बना चुके हैं।

बच्चों को देते हैं प्रशिक्षण, अगला लक्ष्य 14 उच्चतम चोटियां

नरेंद्र बच्चों को पर्वतारोहण और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति प्रेरित करते हैं और उन्हें करियर विकल्प के रूप में प्रशिक्षित भी करते हैं। उनका अगला लक्ष्य दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराना है।

मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने दी बधाई

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नरेंद्र कुमार को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए ट्वीट किया, “नरेंद्र ने माउंट अन्नपूर्णा पर तिरंगा फहराकर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया है।” इसके अलावा खेल मंत्री गौरव गौतम, पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here