Home Crime भोंडसी गांव के तालाब में मिला युवक का शव, 20 दिन में...

भोंडसी गांव के तालाब में मिला युवक का शव, 20 दिन में दूसरी घटना

123
0

सोहना। सोहना के भोंडसी गांव स्थित तालाब में एक 38 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवी मंदिर मोहल्ला निवासी संदीप के रूप में हुई है। यह बीते 20 दिनों में इसी तालाब से मिला दूसरा शव है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, संदीप 26 अप्रैल की रात लगभग 10 बजे टहलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने अगले दिन भोंडसी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी से सुराग मिला, गोताखोरों ने शव बरामद किया

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदीप को आखिरी बार तालाब के पास देखा गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब चार घंटे की सघन खोजबीन के बाद संदीप का शव तालाब से बाहर निकाला गया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार संदीप मानसिक रूप से परेशान था, हालांकि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

उल्लेखनीय है कि 7 अप्रैल को इसी तालाब से एक अन्य युवक शुभम का शव मिला था, जो अपने दोस्तों के साथ टहलने के लिए गया था। दो सप्ताह के अंतराल में दूसरी ऐसी घटना ने ग्रामीणों और पुलिस को सतर्क कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here