चंडीगढ़ | हरियाणा में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) में राष्ट्रीय लोक दल (RLD) की औपचारिक एंट्री हो गई है। रविवार को पार्टी ने अपने संगठनात्मक विस्तार के तहत बड़ा कदम उठाते हुए चरखी दादरी से पूर्व विधायक जगजीत सिंह सांगवान को हरियाणा इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। यह घोषणा RLD के मुख्य महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने की।
जानकारी के अनुसार, जगजीत सिंह सांगवान ने 12 अप्रैल 2025 को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर RLD का दामन थामा था। प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के बाद अब पार्टी अन्य पदों पर भी नियुक्तियों की तैयारियों में जुट गई है।
चंडीगढ़ सेक्टर-27 स्थित प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूपी सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, RLD के महासचिव एवं लोकसभा सांसद चंदन चौहान, और नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष जगजीत सिंह सांगवान सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अनिल कुमार ने बताया कि हरियाणा के बाद RLD जल्द ही पंजाब में भी प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए किसानों और आम जनता के हितों के लिए कार्य करेगी।
वहीं, त्रिलोक त्यागी ने दावा किया कि RLD आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में भी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।







