चंडीगढ़ | हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (HOA) के अध्यक्ष मीनू बेनीवाल ने राज्य के खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा स्टेट गेम्स और ओलंपिक गेम्स इसी वर्ष आयोजित किए जाएंगे। मीनू बेनीवाल हाल ही में चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी पहुंचे, जहां उन्होंने तैराकी से जुड़ी सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।
मीडिया से बातचीत में मीनू बेनीवाल ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से राजनीतिक खींचतान के चलते हरियाणा राज्य स्तरीय खेलों का आयोजन नहीं हो पाया, जिससे लगभग 15 हजार खिलाड़ियों को रोजगार के अवसरों से वंचित होना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि हर वर्ष नियमित खेल आयोजन होते, तो हजारों खिलाड़ी हर साल पदक जीतकर सरकारी नौकरी के योग्य बन सकते थे।
मीनू बेनीवाल ने बताया कि 30 मई 2025 तक हरियाणा ओलंपिक खेलों की तारीख तय कर दी जाएगी। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन राज्य के 22 खेलों को गोद लेगा। प्रत्येक जिले में कम से कम एक खेल को चुना जाएगा, जिसकी सुविधाएं HOA द्वारा विकसित की जाएंगी और संबंधित खेल संघ इसकी देखरेख करेगा।
उन्होंने आगे बताया कि एसोसिएशन का लक्ष्य हर जिले में साई (SAI) की तर्ज पर एक एक्सीलेंस सेंटर स्थापित करना है। जरूरत पड़ने पर थर्ड पार्टी एग्रीमेंट्स भी किए जाएंगे ताकि खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर हरियाणा तैराकी संघ के सदस्य सुरेश जून, सुनील खत्री, सत्यनारायण शर्मा, बलवान, विकास खत्री, बलवान कादियान, वीरेंद्र बेनीवाल और सुंदर सिंह भी मौजूद रहे। बता दें कि मीनू बेनीवाल के नेतृत्व में हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन की टीम हाल ही में निर्विरोध चुनी गई है।







