करनाल | देश के लिए बलिदान देने वाले करनाल निवासी शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की अस्थियां शुक्रवार को हरिद्वार में उनके पिता राजेश नरवाल ने पूरे विधि-विधान के साथ गंगा में विसर्जित कीं। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया। बेटे की अस्थियों को प्रवाहित करते हुए राजेश नरवाल अपने आंसू नहीं रोक पाए और वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
अस्थि विसर्जन की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी वहां पहुंचे और बहादुर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने एक सुर में विनय की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की।
परिजनों का दर्द छलका, सिस्टम पर उठाए सवाल
इस मौके पर लेफ्टिनेंट विनय के ससुर सुनील कुमार ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि गोली लगने के बाद उनकी बेटी ने मदद के लिए कई बार गुहार लगाई, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक कोई सहायता नहीं पहुंची। उन्होंने इसे प्रशासनिक विफलता करार दिया।
नेताओं ने पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
शहीद परिवार को ढांढस बंधाने के लिए हरियाणा सरकार के मंत्री कृष्ण लाल पंवार, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता भी पहुंचे। सभी नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस दुख की घड़ी में हरसंभव साथ देने का आश्वासन दिया।







