नूंह | हरियाणा के नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के इब्राहिम बास गांव के पास सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में 6 सफाई कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह के समय हुआ दर्दनाक हादसा
घटना सुबह करीब 10 बजे हुई, जब सफाई कर्मचारी एक्सप्रेसवे पर नियमित सफाई कार्य में जुटे थे। उसी दौरान तेज गति से आ रही पिकअप ने कर्मचारियों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर पुलिस और राहत कार्य शुरू
स्थानीय निवासियों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेजा गया है। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पिकअप चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।







