सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है, जहां पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के चलते उसे जबरन जहर खिलाया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की बेटी ने 10 लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
थाना खरखौदा में दी गई शिकायत में मृतक की बेटी निशा ने बताया कि उसके पिता, मनोज ने कांता से 2 लाख 50 हजार रुपये उधार लिए थे, जिनको 6 महीने में वापस करना था। लेकिन करार की मियाद पूरी होने के बाद कांता, उसके बेटे प्रदीप, कुलदीप, प्रदीप के बेटे सागर और सुमित, कांता की बेटी अनीता, गांव के जय भगवान, उसके बेटे पुनीत, राहुल और जय भगवान की पत्नी उषा ने न सिर्फ पैसे और प्लॉट देने से इनकार किया, बल्कि मनोज और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
निशा ने बताया कि 22 अप्रैल को जब उसके माता-पिता घर पर थे, तब प्रदीप, सागर, सुमित, कांता, कुलदीप, अनीता और मोनी ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी मां के सिर पर चोट आई और पिता की गर्दन दबाई गई। निशा ने तत्काल 112 पर कॉल कर अपनी मां को सिविल अस्पताल खरखौदा में भर्ती कराया। हालांकि, एसआई रेखा दहिया ने फोन पर पूरी जानकारी ली, लेकिन बयान लेने नहीं आईं।
निशा ने आरोप लगाया कि जब वह अपनी मां को पीजीआई रोहतक ले गई, तो एसआई संदीप ने उनके पिता को घर से उठा लिया और थाने ले गए, जहां उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। यह सब पूर्व सरपंच जय भगवान के कहने पर हुआ। शाम को जब उनके पिता घर लौटे, तो प्रदीप, जय भगवान, पुनीत, कुलदीप, कांता, अनीता, मोनी, सागर और सुमित ने फिर से मारपीट की।
23 अप्रैल को एसआई संदीप ने उन्हें थाने बुलाया और दस्तावेज लेकर दबाव डालकर कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवाए। इसके बाद आरोपियों ने दोनों बेटियों को उठवाने की धमकी भी दी। निशा ने बताया कि शाम 5:40 बजे जब उनके पिता घर लौटे, तो उन्होंने रोते हुए बताया कि उनके साथ बहुत बुरा हुआ है। 20 मिनट बाद प्रदीप और कांता के घर के सामने से उन्हें ले गए। निशा ने फिर 112 पर कॉल कर सेठी अस्पताल खरखौदा बुलाया, जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। रास्ते में मनोज ने अपनी बेटी से कहा कि उन्हें जबरन कुछ खिला दिया गया है और उनकी मौत के जिम्मेदार आरोपी लोग होंगे। इसके बाद मनोज ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।







