पानीपत | हरियाणा के पानीपत में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक दिव्यांग युवक की मौत हो गई। हादसा शहर के संजय चौक इलाके में हुआ। मृतक की पहचान सोहन उर्फ सोनू (36) के रूप में हुई है, जो पिछले 12 दिनों से घर से लापता था।
जानकारी के अनुसार, पड़ोसियों ने युवक को सड़क पर पड़ा हुआ देखा और पहचान होने के बाद तुरंत परिजनों को सूचना दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक स्थानीय लोगों की मदद से युवक को एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
पहले भी जा चुका था घर से बाहर
मृतक के भाई दीपक ने बताया कि वे जग जीवनराम कॉलोनी के निवासी हैं और चार भाइयों में से यह दूसरा भाई था। वह जन्म से दिव्यांग था और अविवाहित था। परिजनों के अनुसार, सोहन कई बार बिना बताए घर से चला जाता था और कुछ दिन बाद लौट आता था।
इस बार वह संजय चौक स्थित एक धार्मिक स्थल में रह रहा था और भीख मांगकर गुजारा कर रहा था। दुर्भाग्यवश, इस बार वह लौट नहीं पाया और उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।







