Home Crime यमुनानगर में सीएम फ्लाइंग की बड़ी कार्रवाई: अवैध यूरिया सप्लाई पकड़ाई, कृषि...

यमुनानगर में सीएम फ्लाइंग की बड़ी कार्रवाई: अवैध यूरिया सप्लाई पकड़ाई, कृषि विभाग के दावों की खुली पोल

206
0

यमुनानगर | यमुनानगर में अवैध रूप से सप्लाई की जा रही कृषि योग्य यूरिया खाद को लेकर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस रेड में 100 कट्टे यूरिया खाद से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई हैं, जिससे कृषि विभाग के उन दावों की पोल खुल गई है, जिनमें कहा जा रहा था कि किसी फैक्ट्री में अवैध खाद की सप्लाई नहीं होने दी जाएगी।

CM Flying टीम की दबिश, ट्रैक्टर चालक मौके से फरार

अंबाला और पंचकूला से आई सीएम फ्लाइंग की टीम ने गुरुवार को मंडी गांव के पास छापा मारा, जहां अवैध रूप से यूरिया खाद से भरी दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों को एक प्लाईवुड फैक्ट्री में सप्लाई करने की तैयारी थी। टीम को देख ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

सदर थाना यमुनानगर और कलानौर चौकी पुलिस को तुरंत मौके पर बुलाया गया और अब मामले की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यूरिया के सैंपल भेजे गए जांच के लिए

सीएम फ्लाइंग टीम के इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने बताया, “हमें गुप्त सूचना मिली थी कि मंडी गांव के पास अवैध खाद की सप्लाई की जा रही है। हमने दबिश दी और दो ट्रॉली में भरे करीब 100 यूरिया के कट्टे जब्त किए हैं। ये कृषि उपयोग के थे, लेकिन इन्हें प्लाईवुड फैक्ट्री में उपयोग करने की कोशिश हो रही थी।”

मौके पर मौजूद कृषि विभाग के एसडीओ अजय कुमार ने बताया कि खाद के सैंपल ले लिए गए हैं और जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह यूरिया पानीपत और बठिंडा से मंगवाया गया था।

प्लाईवुड उद्योग में होता है यूरिया का दुरुपयोग

जानकारी के मुताबिक, कृषि योग्य यूरिया का इस्तेमाल प्लाईवुड फैक्ट्रियों में गोंद (ग्लू) बनाने के लिए किया जाता है, क्योंकि यह वहां कम लागत वाला विकल्प साबित होता है। इस प्रकार की आपूर्ति न सिर्फ कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि कानूनी रूप से भी प्रतिबंधित है।

कृषि विभाग द्वारा पहले यह दावा किया गया था कि खाद डीलर किसी भी हालत में यूरिया को औद्योगिक इकाइयों को नहीं बेचेंगे, लेकिन मौजूदा कार्रवाई ने इस दावे को सवालों के घेरे में ला दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here