करनाल, 17 मार्च-करनाल के सेक्टर-12 स्थित सैनी कॉलोनी में होली वाले दिन खेड़ी छपरा के हिमांशु की ह.त्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को करनाल के बसंत विहार से बीती रात पकड़ा गया। बलड़ी गांव का रहने वाला है अमित। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। आज आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे और जानकारी ली की जा सके।
पुरानी रंजिश व पैसों के लेन-देन का मामला:
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की जड़ें सितंबर 2024 में हुए एक झगड़े से जुड़ी हैं। उस समय आरोपी पक्ष और अंकुर नामक युवक के बीच विवाद हुआ था, जिसमें पैसों का लेन-देन भी शामिल था।
पुरानी रंजिश के कारण यह विवाद होली वाले दिन फिर से भड़क गया। गौरतलब है कि घटना के दिन यानी 14 मार्च को आरोपी अमित और अंकुर के बीच फोन पर बहस हो गई थी। इसके बाद अमित ने अंकुर को सेक्टर-12 के मैदान में बुला लिया। होली का माहौल था, इसलिए हिमांशु भी वहां पहुंचा हुआ था। अन्य युवक भी वहां मौजूद थे, जो अंकुर के पीछे-पीछे मैदान में आ गए।
बीच-बचाव में हिमांशु की हुई ह.त्या:
जैसे ही दोनों पक्ष आमने-सामने आए, झगड़ा शुरू हो गया। हिमांशु ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तभी आरोपी अमित ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगते ही हिमांशु घायल होकर गिर पड़ा। हिमांशु को आरोपी पक्ष के प्रदीप और अनीश अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां छोड़कर चले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई। इस घटना में एक और युवक घायल हुआ था, जिसका अभी इलाज चल रहा है।
आठ पर मामला दर्ज,पुलिस तलाश में जुटी:
सिविल लाइन थाना प्रभारी श्री भगवान ने बताया कि इस मामले में कुल आठ आरोपियों के नाम एफआईआर में दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे किया जाएगा।







