पलवल (अंकुर कपूर): हरियाणा के सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल सोमवार को ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग में एक्शन मोड में नजर आए। बिजली बोर्ड के जेई की लापरवाही की बार-बार शिकायत मिलने पर जेई श्रीपाल को मंत्री से सस्पेंड कर दिया। इस मौके पर बनवारी लाल ने कहा कि जिला लोक सम्पर्क एवं परिवाद समिति की बैठक में आने वाली सभी शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुनकर उनका मौके पर ही निदान किया जाता है, ताकि शिकायतकर्ता को न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि शिकायतों से संबंधित अधिकारियों को भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। ताकि लोगों को अपनी शिकायत लेकर ग्रीवेंस की बैठक में ना आना पड़े। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड के जेई की बार बार शिकायत आने पर उसे सस्पेंड किया गया है। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए है। मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
सरपंच दो लाख रुपए तक के विकास कार्य बिना टेंडरिंग के करवा सकता है, इससे अधिक राशि के कार्यों के लिए ई टेंडरिंग करवाना अनिवार्य है। ऐसा करने से कार्य में पारदर्शिता आएगी और सरपंचों की जिम्मेदारी भी कम होगी। उन्होंने कहा कि सरपंचों को भी समझ आ जाएगा कि ई टेंडरिंग उनके लिए फायदेमंद है। ई टेंडरिंग से कार्य करने पर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। सहकारिता मंत्री ने कहा कि पटवारी डयूटी के दौरान अनुपस्थित पाए जाते है या अपने स्थान पर किसी ओर व्यक्ति से कार्य करवाते है तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।आगे भी अधिकारी लापरवाही करते रहे तो उन्हें भी सस्पेंड किया जाएगा। इस संबंध में जिला उपायुक्त को दिशा निर्देश दिए गए है।







