चंडीगढ़, 17 जनवरी -मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस दौरान 3 नए आपराधिक क़ानून के क्रियान्वयन और प्रदेश के विकास कार्यों को लेकर समीक्षा की गई.सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि 28 फरवरी 2025 तक 3 नए आपराधिक क़ानून पूर्ण रूप से लागू किए जाएंगे.उन्होंने कहा कि 3 नए आपराधिक क़ानूनों के हिसाब से सिस्टम में आधारभूत परिवर्तन करना होगा
जेल से ही क़ैदियों की वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से होगी पेशी
बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 445 के करीब कोर्ट में वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग की व्यवस्था लागू की जाएगी. वहीं जेल से ही क़ैदियों की वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से पेशी होगी. बैठक में इस पर भी चर्चा हुई कि ई-समन और ई चालान की व्यवस्था को अपनाना होगा.इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नशे के खिलाफ और सख्ती करने के निर्देश दिए.वहीं सीएम ने प्रदेश को नशा मुक्त प्रदेश बनाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को लेकर जन जागरण करना होगा.नशा रोकने के अभियान में सभी विभागों के साथ साथ महिला,युवा जनप्रतिनिधियों को शामिल करना होगा.उन्होंने कहा कि जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक नशा रोकने के प्रयासों के संबंध में मासिक बैठक करें.
नशे की सप्लाई चेन रोकने के लिए हम प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र पर सख्ती से निरीक्षण जरूरी है,जो केंद्र मानकों पर खरा ना उतरें उसको तुरंत बंद करने के भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए.इस दौरान विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण,मुख्य सचिव विवेक जोशी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा समेत कई प्रशासनिक सचिव और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद रहे.







