अंबाला (अंकुर कपूर): स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत ये नारा हम आए दिन सुनते हैं लेकिन अंबाला में यही नारा सिर्फ हवा हवाई रह गया है। अंबाला की जनता इन दिनों राम भरोसे है। एक तरफ जहां नगर निगम बड़े-बड़े दावे करता है, वहीं दूसरी तरफ अंबाला की जनता गंदगी और बीमारियों के बीच में रहने को मजबूर हो रही है। अंबाला शहर नई सब्जी मंडी के नजदीक लगती सड़क के निवासियों को किसी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं तक प्राप्त नहीं हो रही है। मीडिया से बात करते हुए निवासियों ने बताया कि अगर वे लोग निगम सदस्य से बातचीत करते हैं और हल निकालने को कहते हैं तो निगम सदस्य ही यह बात एक-दूसरे के ऊपर डाल देते हैं।
वह बोलते हैं कि यह एरिया हमारे पास नही हैं आप दूसरे से संपर्क कीजिए। ऐसे में आम जनता काफी ज्यादा परेशान हो चुकी है। गंदगी की वजह से वहां के निवासियों काफी ज्यादा परेशान हो रहे हैं और बीमार भी हो रहे हैं। गुस्साए लोगों ने यह तो बोल दिया कि अगर कोई अब वोट मांगने आता है तो हम उसे कहेंगे कि हमारे घर को खरीद लो और हम सड़कों पर रह लेंगे। वहां के निवासियों का कहना है कि यह सड़क नहीं बल्कि गड्ढों से भरी जगह जिसमें पानी भरा हुआ है। यहां से निकलना भी दुर्बर हो रखा है और कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।







