सिरसा, 09 नवंबर- मिस्र (इजिप्ट) में खेली गई यूआईपीएम 2024 पेंटाथलॉन बायथल/ट्रायथल विश्व चैंपियनशिप में चार ब्रॉन्ज पदक जीतने वाली शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की खिलाड़ी रिया सहारण का संस्थान में भव्य सम्मान समारोह किया गया। शाह सतनाम गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्या डा. शीला पूनिया इन्सां, उप प्रधानाचार्या सीमा छाबड़ा इन्सां सहित अन्य स्टाफ सदस्यों की ओर से रिया सहारण को गुलदस्तें भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात बैंड की मधुर धुनों व तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच उन्हें मंच पर लाया गया। मंच पर मेडल पहनाकर, टोकन ऑफ लव के रूप में स्मृति चिन्ह देकर व अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया।
शाह सतनाम गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्या डा. शीला पूनिया इन्सां ने कहा कि आज उनके विद्यालय के लिए बहुत बड़ा दिन है। क्योंकि रिया सहारण ने विश्व चैंपियनशिप में एक-दो नहीं बल्कि एक साथ चार ब्रॉन्ज पदक जीतकर संस्थान के साथ अपने कोच संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि हमारी आगे भी यही कोशिश रहेगी कि अन्य खेलों में भी यहां के खिलाड़ी विश्व स्तरीय खेलों में भाग ले और संस्थान व अपने माता-पिता का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया कि संस्थान के 1800 बच्चे नेशनल, 82 बच्चे इंटरनेशनल और पांच खिलाडिय़ों को प्रदेश का सर्वोच्च खेल पुरस्कार भीम अवार्ड मिल चुका है।
ओलंपिक में पदक जीतकर संस्थान व सिरसा का नाम रोशन करना है अगला लक्ष्य
रिया सहारण ने कहा कि स्कूल द्वारा किए गए सम्मान से वह काफी खुश है और उसका लक्ष्य है कि वह ओलंपिक में पदक जीतकर स्कूल, गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां व देश का नाम रोशन करूं। इसके लिए वह अपने प्रशिक्षक की गाइडेंस में निरंतर अभ्यास कर रही है।







