अम्बाला | हनीट्रैप में फंसकर सेना से संबंधित संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजने के आरोप में एक युवक गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का 4 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर होने के बाद अब सी.आई.ए.-2 की टीम उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस जासूसी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और किसके निर्देश पर यह कार्य किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुनील, साहा क्षेत्र के गांव सबका का रहने वाला है। आरोपी फेसबुक के जरिए पाकिस्तान में रहने वाली एक महिला के संपर्क में आया और उसके साथ सेना से जुड़ी जानकारी साझा करता रहा। इसके अलावा, आरोपी सैन्य क्षेत्र की विभिन्न यूनिटों में एक ठेकेदार के तहत काम कर रहा था, जिससे उसकी गतिविधियों की जासूसी करना आसान हो गया।
अम्बाला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और आरोपी से पूछताछ जारी है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि सेना की गोपनीय जानकारी पाकिस्तान तक कैसे पहुंच रही थी और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सभी संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों में अलर्ट जारी किया गया है।







