Home Haryana प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मेट्रो प्रोजेक्ट को बरवाला...

प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मेट्रो प्रोजेक्ट को बरवाला तक ले जाने की रखी मांग

347
0
पंचकूला, 22 अक्टूबर- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। गुप्ता ने उन्हें मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी और पंचकूला के विकास से संबंधित विषयों से बातचीत की। गुप्ता ने कहा कि पंचकूला की जनता ने भी भाजपा को बहुत प्यार दिया, इसलिए यहां पर विकास का पहिया रुकना नहीं चाहिए। पंचकूला के विकास में फंड की कमी नहीं आने दी जाए। ज्ञानचंद गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर भी बातचीत की। पंचकूला में मेट्रो प्रोजेक्ट का विस्तार करना समय की मांग है।
ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण प्रदूषण भी बढ़ रहा है। आज हर घर में दो से तीन वाहन है, जिसके बाद एक तरफ प्रदूषण, तो दूसरी तरफ जाम एवं समय की भी बर्बादी होती है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबे जाम का सामना करना पड़ता है। ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि पंचकूला विकास की दृष्टि से प्रदेश की राजधानी का रूप ले चुका है। हजारों कर्मचारी सरकारी कार्यालयों में काम करने के लिए आते हैं। विभिन्न प्राइवेट संस्थानों में लोग नौकरी करते हैं। लोग चंडीगढ़ एवं मोहाली में पंचकूला के ग्रामीण इलाकों से जाते हैं। लोगों को पंचकूला से मोहाली पहुंचने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग जाता है। इसलिए मेट्रो प्रोजेक्ट का दायरा बढ़ाने बहुत आवश्यक है। बरवाला क्षेत्र में कई हाउसिंग प्रोजेक्ट्स आ चुके हैं। यहां पर आने वाले समय में आबादी में बहुत बड़ी बढ़ोतरी होने वाली है। कई औद्योगिक घराने लग गए हैं। वहां भी कर्मचारी दूसरे क्षेत्रों से आते हैं। गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मेट्रो प्रोजेक्ट का विस्तार बरवाला तक करवाया जाए, ताकि लोगों का समय और पैसा बच सके। साथ ही मेट्रो प्रोजेक्ट को ऐतिहासिक माता मनसा देवी मंदिर और ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाडा साहिब से भी जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिया आश्वासन 
वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ज्ञानचंद गुप्ता की मांग को बड़े ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास हमारा पहला लक्ष्य है। ज्ञानचंद गुप्ता ने पंचकूला के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी। अब भी विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। सैनी ने आश्वासन दिया कि मेट्रो प्रोजेक्ट के विस्तार के लिए वह केंद्र सरकार से बातचीत करके इसे बरवाला तक ले जाने का पूर्ण प्रयास करेंगे। गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here