भिवानी, 16 अक्टूबर –अखिल भारतीय किसान सभा का एक प्रतिनिधि मण्डल सभा के जिला उपप्रधान कामरेड ओमप्रकाश , ब्लाक प्रधान नरेन्द्र सिंह व ब्लाक सचिव प्रताप सिंह सिंहमार के नेतृत्व में उप मण्डल अधिकारी नागरिक महेश कुमार से मिला और किसानों की मांगों का ज्ञापन दिया । इस अवसर पर कामरेड ओमप्रकाश , व्यापारी नेता देवराज महता , किसान नेता कमल प्रधान व मजदूर नेता सुखदेव पालवास ने कहा कि रबी फसल बुआई के समय न तो किसानों को नहरी पानी मिल रहा है और न हीं डीएपी खाद मिल रही है , बार बार जिला प्रशासन व सरकार से अनुरोध करने के बाद भी पानी व डीएपी खाद नहीं मिल पा रहा है , इससे किसानों में भारी रोष है ।
किसानों को डीएपी खाद व नहरी पानी उपलब्ध करवाने की मांग
किसान नेताओं ने कहा कि जब राज्य सरकार व जिला प्रशासन को पहले से पता कि रबी फसल बुआई के समय डीएपी खाद की किसानों को बहुत जरूरत पड़ती है , फिर भी समय रहते उन्होंने कोई उपाय नहीं किए , उसी का परिणाम है कि आज किसानों को भारी परेशानियो का सामना करना पड़ रहा है । उन्होंने कहा कि जिले की विभिन्न मण्डियों में बाजरा भारी मात्रा में आ रहा है , परन्तु खरीद , उठान व भुगतान की गति बहुत धीमी है , इसे तेज करने की मांग की है तथा गांव व शहर में अवारा पशुओं के प्रबन्ध की मांग की है । उन्होंने कहा कि अवारा पशु गांव में फसलों को बर्बाद कर रहे है तथा शहर में दुर्घटना का कारण बन रहे हैं । जिला परिषद व जिला प्रशासन उनके प्रबन्ध के लिए कोई पुख्ता प्रबन्ध नहीं कर रहे हैं । एसडीएम साहब से उनके प्रबन्धन की मांग की है .







