करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कीटनाशक (पेस्टिसाइड्स) निर्माण कंपनी में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि फैक्ट्री से उठता काला और जहरीला धुआं कई किलोमीटर दूर तक आसमान में दिखाई दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल और ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
फैक्ट्री से निकल रहे जहरीले धुएं को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आसपास के क्षेत्रों को खाली कराना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और घटनास्थल के पास न जाने की अपील की गई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।







