कैथल, 11 सितम्बर – आम आदमी पार्टी दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष और कलायत विधानसभा से उम्मीदवार अनुराग ढांडा ने नामांकन किया। इससे पूर्व, हवन कर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया और शहर में रोड शो निकाला। रोड शो के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और कलायत की जनता ने फूलों की बारिश की। जगह जगह लोगों ने उनका स्वागत किया। मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज बड़ी खुशी हो रही है कि अनुराग ढांडा के नामांकन के लिए कलायत आने का मौका मिला। आम आदमी पार्टी ने अनुराग ढांडा को कलायत का उम्मीदवार घोषित किया है।
अच्छी शिक्षा और सरकारी अस्पतालों में फ्री इलाज की गारंटी -मनीष सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि बीजेपी 10 साल में हरियाणा को बर्बाद करने का काम किया है। बीजेपी ने 5000 सरकारी स्कूल बंद कर दिए, अब ये बच्चे कहां पढ़ेंगे। अब हरियाणा की जनता उनको लाएगा जिन्होंने दिल्ली और पंजाब में स्कूल खोले हैं। हरियाणा की जनता बीजेपी का सुपड़ा साफ करेगी। बात सरकार बनाने की नहीं, बात सरकारी स्कूल और अस्पताल बनाने की और युवाओं को रोजगार देने की है, बात 24 घंटे और मुफ्त बिजली व पानी देने की है। अच्छे स्कूल, कॉलेज और अस्पताल केवल अरविंद केजरीवाल ही बना सकते हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब में काम करके दिखाए अब हरियाणा की बारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने भरोसा किया तो पंजाब के सरकारी स्कूल भी अच्छे हो रहे हैं। इसलिए इस बार हरियाणा में भी वोट स्कूल के नाम पर देना। स्कूल को अच्छा करने की गारंटी और अरविंद केजरीवाल की गारंटी हरियाणा में आ गई है। अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा के लोगों को पांच गारंटी दी है। उसमें सबसे पहली गारंटी, अच्छे स्कूल बनाना और हर बच्चे को मुफ्त व अच्छी शिक्षा देना है। पूरे देश में कहीं चले जाओ अच्छी शिक्षा की गारंटी मतलब अरविंद केजरीवाल की गारंटी है। जो बिजली बिल को जीरो कर सकता है वो अरविंद केजरीवाल हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब में करके दिखाया, अब हरियाणा में करके दिखाएंगे।
30 साल से तीन परिवारों में उलझ कर रह गई कलायत की राजनीति : अनुराग ढांडा
वहीं आम आदमी पार्टी उम्मीदवार अनुराग ढांडा ने कहा कि 30 साल हो गए कलायत की राजनीति तीन परिवारों में उलझ कर रह गई है। ये तीनों परिवार के विधायक बने और मंत्री भी बने, उसके बावजूद कलायत में एक भी इंडस्ट्री नहीं है जहां बच्चे नौकरी कर सकें। कलायत में एक भा सरकारी स्कूल ऐसा नहीं है जहां बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला सकें, कलायत के सभी गांवों की सड़कें टूटी पड़ी हैं और किसी गांव में पानी निकासी का इंतजाम है, न गांवों में पीने के पानी का इंतजाम है। अनुराग ढांडा ने कहा कि कलायत की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि कलायत की लड़ाई को अखिरी सांस तक लडूंगा। आप लोगों ने जो संघर्ष शुरू किया है वो हमें कामयाबी की तरफ लेकर जाएगा। मुझे कोई संदेह नहीं है कि इस बार कलायत में झाड़ू चलने वाली है।







