Home Hisar तरुण जैन ने की भाजपा जिला उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की...

तरुण जैन ने की भाजपा जिला उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की घोषणा

194
0
हिसार, 5 सितम्बर ( TSN)- वरिष्ठ राजनीतिज्ञ व समाजसेवी तरुण जैन ने हिसार विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ बैठक करने के बाद उन्होंने भाजपा जिला उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने  हिसार से  चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।  पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि हिसार की बदहाली किसी से छुपी हुई नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉ. कमल गुप्ता दस वर्षों से हिसार के विधायक व मंत्री हैं लेकिन उन्होंने जनता की सुध लेने की अपेक्षा हमेशा राजनीतिक रोटियां सेकने का काम किया है।
हिसार की बदहाली के लिए मंत्री डॉ. कमल गुप्ता जिम्मेदार 
तरुण जैन ने कहा कि डॉ. कमल गुप्ता को यदि हरियाणा का सबसे विफल विधायक कहा जाए तो कुछ गलत नहीं होगा। हिसार में खुशहाली की जगह बदहाली दिखाई देती है। हिसार की जनता लचर सीवर व्यवस्था से परेशान है। बहुत सी कॉलोनियों की गलियां हमेशा सीवर के पानी से लबालब रहती हैं लेकिन विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने इस समस्या को कभी गंभीरता से नहीं लिया। इसी भांति बारिश में हर वर्ष जलभराव से लोग बुरी तरह तंग हो जाते हैं। इस समस्या के निदान के लिए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए बल्कि बड़े-बड़े वादों से हमेशा इस समस्या को ही दरकिनार कर दिया गया। सूर्य नगर के नवनिर्मित अंडरपास में जलभराव से वहां के निवासियों का जीना दूभर हो गया है और वे आंदोलन के लिए मजबूर हैं।
जैन ने कहा कि मंत्री कमल गुप्ता हिसार में विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं लेकिन यहां की टूटी-फूटी और गड्ढों से युक्त सडकों पर चलते हुए वास्तविकता का एहसास किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हिसार की जनता सोशल मीडिया पर विधायक के विकास का खूब मजाक उड़ा रही है। उन्होंने कहा कि हिसार के निवासी बेसहारा गोवंश के कारण त्रस्त हैं लेकिन जब कोई नागरिक इस मुद्दे पर मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से बात करता है तो वे इस समस्या को सिरे से ही खारिज कर देते हैं। सच्चाई तो यह है कि हिसार की हर कॉलोनी और क्षेत्र में बेसहारा गायों को सहज ही देखा जा सकता है। इस कारण बहुत से नागरिक हादसे का शिकार भी हो चुके हैं।
जनता के हितों के लिए चुनावी मैदान में उतरना पड़ा
 तरुण जैन ने कहा कि हिसार की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने, समस्याओं के त्वरित निदान और शहर के समुचित विकास के लिए वे विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि हिसार की जनता उनका भरपूर साथ देते हुए खुलकर समर्थन करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here