सोनीपत, 3 सितंबर : हरियाणा में भ्रष्ट अधिकारी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर पुलिता लगाते हुए नजर आ रहे हैं. आज सोनीपत एसीबी टीम ने हरियाणा पुलिस के सब इंस्पेक्टर और उसके साथी वकील को रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है, रिश्वत लेने का अब नायाब तरीका भी भ्रष्ट अधिकारी ढूंढ रहे हैं,लेकिन हरियाणा एसीबी की टीम भी ऐसे अधिकारियों को शिकायत मिलने पर धर दबोच रही है, क्या है मामला देखिए इस रिपोर्ट में।
मिली जानकारी के अनुसार सोनीपत के गांव रोहणा का रहने वाले जसकरण नाम के एक शख्स पर सोनीपत के खरखोदा थाना में लड़ाई झगडे का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसकी तफ्तीश सब इंस्पेक्टर जसबीर सिंह कर रहा था, और जसबीर ने गौरव नाम के वकील के माध्यम से जसकरण से उसको मुकदमे से बाहर करने की एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की, जिसके बाद जसकरण ने 2 हजार रुपए पहले गौरव को दिए और आज जब गौरव को 48 हजार रुपए देने थे उससे पहले जसकरण ने एसीबी को इसकी शिकायत कर दी, और एसीबी टीम ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए दोनो को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया तो खरखोदा एक निजी होटल से वकील गौरव को 48 हजार रुपए के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया और उसके और जसबीर के बीच हुई फोन कॉल के रिकार्ड को कब्जे में लेकर जसबीर को भी गिरफ्तार कर डाला, हालांकि एसीबी टीम की इस कार्रवाई को सब इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने गलत भी ठहराया ।
इस मामले की जानकारी देते हुए एसीबी टीम के इंस्पेक्टर सचिव कुमार ने बताया कि गांव रोहणा के रहने वाले जसकरण ने हमें शिकायत दी थी कि उसको लड़ाई झगडे के केस में बाहर करने के लिए खरखोदा थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर जसबीर सिंह 50 हजार रूपए की रिश्वत की मांग कर रहा है और वह 2 हजार रूपए पहले दे चुका है, जैसे ही हमें ये शिकायत मिली हमने टीम बनाकर एक होटल से जसबीर जिसके माध्यम से रिश्वत ले रहा था वकील गौरव को 48 हजार रूपए लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया और बाद में कॉल रिकॉर्डिंग के माध्यम से जसबीर को गिरफ्तार कर लिया, कल दोनो को कोर्ट में पेश किया जाएगा।







