सिरसा,12 अगस्त : बेसिक पे 35400 रुपये करने की मांग को लेकर सरकारी विभागों के लिपिक वर्ग के कर्मचारियों ने आज से लघु सचिवालय में धरना दिया। ये राज्यस्तर पर हड़ताल की गई है। सिरसा में सभी विभागों के करीब 600 क्लर्को ने हड़ताल के चलते काम काज बंद कर दिया है। काफी संख्या में महिला व पुरुष कर्मचारी धरने पर बैठे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हमारा हक 35400 लेकर रहने के नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती तब तक सभी विभागों के लिपिक वर्ग के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे और विभागीय कार्य नहीं करेंगे। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते आम लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही है।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले वर्ष सरकार ने उनकी मांगे मानी थी और 42 दिन चली हड़ताल का वेतन नहीं रोकने की बात कही थी। एक साल बीतने के बाद भी उनका वेतन नहीं बढ़ाया गया और न ही 42 दिन का वेतन जारी किया है। इसी के विरोध में 3 दिन की हड़ताल की है। अगर सरकार ने मांग पूरी नहीं की तो हड़ताल लम्बी हो सकती है।धरने पर बैठे कर्मचारी साहिल कुमार ने बताया कि बेसिक पे 35400 रुपये करने की मांग को लेकर लिपिक वर्ग के कर्मचारी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। पहले भी धरना-प्रदर्शन किये गए। अब फिर से 3 दिन की हड़ताल की गई है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती आंदोलन जारी रहेगा।







