12 अगस्त, चंडीगढ़ : इलेक्शन कमीशन ऑफ़ इंडिया की टीम दो दिन के हरियाणा दौरे पर है। जिसको लेकर चुनाव आयोग की टीम चंडीगढ़ पहुंची और यहां हरियाणा चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया था।ताकि विधानसभा चुनाव को लेकर बातचीत की जा सके ।
इस बारे में जानकारी देते हुए जेजेपी की ओर से गए प्रतिनिधि रामनारायण यादव ने कहा कि वे इस बैठक में शामिल हुए थे। इस बैठक में हमारी ओर से कई सुझाव रखे गए। जैसे हमने कहा कि प्रदेश में जितने भी संवेदनशील बूथ हैं उनकी जानकारी अधिकारियों के साथ-साथ राजनीतिक पार्टियों को भी दी जाए ।ताकि चुनाव प्रक्रिया बेहतर बनाई जा सके। इसके अलावा उन्होंने कहा कि चुनाव उम्मीदवारों का खर्चा 45 लाख रुपए तय किया गया है। इस खर्च को थोड़ा बढ़ाया जाए क्योंकि सभी जानते हैं कि चुनाव में पैसा ज्यादा खर्च होता है, लेकिन बाद में नियमों को लेकर चुनाव आयोग का काम भी बढ़ जाता है और उम्मीदवारों के लिए भी परेशानी खड़ी हो जाती है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बहुत ऐसे लोग होते हैं जिनका निधन हो जाता है लेकिन उनका नाम फिर भी मतदाता सूची में रहता है. ऐसे लोगों के नाम तुरंत मतदाता सूची से कटवाए जाएं और हर महीने गांव और शहरों में डाटा इकट्ठा किया जाए. ताकि ऐसे लोगों के नाम सूची में ना रहें।इस प्रकार से राजनीतिक पार्टी की ओर से अलग-अलग सुझाव चुनाव आयोग को दिए गए हैं।







