हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)-बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव शारदा राठौर ने “हरियाणा मांगे हिसाब” मुहिम के तहत अपने कार्यालय पर प्रेसवार्ता का आयोजन किया. इस दौरान मंत्री मूलचंद शर्मा पर क्षेत्र के विकास को लेकर आरोप लगाए कि उन्हें होटल बनाने और प्रॉपर्टी बढ़ाने के अलावा क्षेत्र की जनता का कोई ख्याल नहीं है. वहीं उन्होंने केंद्र सरकार के बजट को लेकर कहा कि इस बजट में हरियाणा को कोई स्थान नहीं दिया गया । उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे हरियाणा की विधानसभाओ से कांग्रेस के मौजूदा विधायकों और पूर्व विधायकों ने सत्ताधारी पार्टी के नेताओं और विधायकों से “हरियाणा मांगे हिसाब” मुहिम के तहत आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए खास तौर से विकास कार्यों को लेकर हिसाब मांगना शुरू कर दिया है ।
पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए शारदा राठौर ने बल्लभगढ़ विधानसभा से विधायक एवं उद्योग मंत्री मूलचंद शर्मा के कार्यकाल को लेकर उन पर विकास कार्यों की अनदेखी के अलावा अन्य कई आरोपों की झड़ी लगा दी । उन्होंने शहर की गंदगी, जलभराव, सीवर पानी और सड़कों के मुद्दों के साथ-साथ जाम की स्थिति पर बात की। कानून व्यवस्था की स्थिति और स्कूलों में टीचरों की कमी के अलावा शहर की सड़कों पर घूम रहे हजारों आवारा पशुओ को लेकर मंत्री पर ह*मला बोला। उन्होंने कहा कि ऐसा कौन सा कानून है कि मंत्री का भाई सरकारी गाड़ी में घूमता है। शारदा ने कहा कि वह सभी ऐसे मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ में जरूर विकास हुआ है,लेकिन वह सिर्फ मंत्री और मंत्री के परिवार का हुआ है। पेश किए गए बजट को लेकर उन्होंने कहा कि बैसाखियों पर चल रही केंद्र की सरकार ने बजट में हरियाणा को कोई स्थान नहीं दिया। उनका कहना था कि हम जनता के बीच जा रहे हैं और जनता मन बना चुकी है ।







