सोनीपत (एकता): हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव भठगांव में एक महिला ने खौफनाक कदम उठा लिया। मीडिया सूत्रों के अनुसार महिला ने अपने बच्चों के साथ तालाब में छलांग लगा ली। घटना का पता लगते ही ग्रामीणों ने महिला व सात साल की बेटी को तो बचाया लेकिन उसके 4 साल के बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का दौरान कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भिजवा दिया है।
दूसरी ओर महिला के पति ने आरोप लगाया है कि मेरी पत्नी ने बच्चों की हत्या करने की कोशिश की है। पुलिस ने महिला पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। महिला व मायका पक्ष ने भी पुलिस महानिदेशक के नाम शिकायत लिखकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित महिला ने कहा कि ससुराल पक्ष उसे मारना चाहता था। जब वह अपने बच्चों को लेकर भागी तो वह तालाब में कूद गई। उसके बाद ससुराल पक्ष ने बच्चों को भी तालाब में फेंक दिया। ताकि लोगों को लगे कि उसने बच्चों के साथ आत्महत्या करने की कोशिश की है। अब पुलिस इस मामले की गुत्थी को सुलझा रही है।







