करनाल : चन्द्रिका ( TSN)-हरियाणा में अक्टूबर नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने औपचारिक रूप से शुरुआत कर दी है । इसके लिए सोमवार को करनाल से हरियाणा मांगे जवाब अभियान की शुरुआत की गई। अभियान की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के बेटे और सांसद दीपेंद्र हुड्डा व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने की। राज्य के मुख्यमंत्री नायब सैनी करनाल से विधायक हैं, कांग्रेस इन्हें यहां से चुनौती देने जा रही है।
बता दें कि करनाल हरियाणा की सबसे ज्यादा 30 सीटें देने वाली जीटी रोड बेल्ट में आता है जो, परंपरागत रूप से भाजपा का गढ़ माना जाता है। कांग्रेस इसे भेदना चाहती है। दीपेंदर हुडा करनाल में पदयात्रा के बाद 9 जिलों के 14 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। उसके बाद यह अभियान प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चलाया जाएगा।वही इस अभियान से हुड्डा विरोधी सिरसा सांसद कुमारी शैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला के समर्थकों ने किनारा कर लिया है। असंध से कांग्रेस के विधायक शमशेर सिंह गोगी ने कहा कि उन्हें इसका निमंत्रण नहीं मिला इसलिए वे इसमें शामिल नहीं हो रहे हैं।
करनाल की पुरानी सब्जी मंडी में इकठ्ठा हुए कोंग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जब संसद में शपथ ग्रहण हुआ तो वहां संविधान की कॉपी लेकर शपथ ली गई थी। उन्होंने कहा हरियाणा का आपका बेटा आपका भाई संसद में है और जय संविधान का नारा हमेशा बुलंद करेंगे। हम इसे खत्म नहीं होने देंगे।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में 90 दिन का समय बचा है। लोकसभा चुनाव में भाजपा से ज्यादा मत प्रतिशत हमें मिला है और हरियाणा में कांग्रेस अच्छी स्थिति में है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा से आगे हैं, हमें परिवर्तन लाना है तो सभी कार्यकर्ताओं को एक जुट होकर आगे बढ़ना होगा। हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम एक बार फिर अपनाना होगा, तभी परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा की हरियाणा हिसाब सरकार से नहीं मांगेगा तो और किस से मांगेगा। लोगों को अब बस कांग्रेस से ही उम्मीद है, इसीलिए हरियाणा मांगे हिसाब पद यात्रा की शुरुआत आज यहां से की जा रही है।
भाजपा सरकार पर बरसे दीपेंद्र हुड्डा
इस मौके पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा सरकार को स्कूल , शिक्षा, बेरोजगारी और कर्मचारियों की मांगों को लेकर घेरा और सरकार से उनकी हालत को लेकर सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा पेपर लीक अगर कहीं हुए है तो वह हरियाणा में हुए हैं। यहां तक की भर्ती बोर्ड के दफ्तर में करोड़ों रुपए की बरामदगी हुई , भर्ती की रेट लिस्ट भी मिली जिसमें स्पष्ट है की कौन सी नौकरी कितने रुपए में मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में 10 हजार से ज्यादा पक्की भर्ती नहीं आ पाई है। दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा से ज्यादा हरियाणा के बाहर के युवाओं को नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई सरकार से न्याय मांगता है तो उस पर लाठियां बरसाई जाती हैं। हरियाणा आज इसी का जवाब मांग रहा है।दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार द्वारा चलाए गए चलाए जा रहे पोर्टल को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यह सभी पोर्टल जन विरोधी हैं और इनसे सिवाय परेशानियों के आम जनता को कुछ नहीं मिला। आज भी लोग लाइन में खड़े है।