कुरुक्षेत्र,22 फरवरी –अब मोबाइल की तरह लोग अपना हैप्पी कार्ड भी रिचार्ज करवा सकेंगे। इसके लिए सरकार ने AU बैंक को ऑथराइज्ड किया है। इस बैंक से कार्ड धारक 100 रुपए से अपनी मनमर्जी तक रिचार्ज करवा सकते हैं।इससे उनको सफर में टिकट के लिए पैसे रखने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। साथ ही भविष्य में उनको सरकार से टिकट में रियायत मिलने की संभावना है।
दरअसल, अभी प्रयागराज में महाकुंभ मेला चल रहा है,जिसमें कुरुक्षेत्र ही नहीं पूरे प्रदेश से श्रद्धालु शामिल होने जा रहे हैं। इसमें अपने कार्ड पर 200 या उससे ज्यादा किलोमीटर का सफर पूरा करने वाले धारकों को परेशानी हो रही है, क्योंकि यहां से प्रयागराज तक की दूरी ही 850 किलोमीटर से ज्यादा है। इसलिए उनका कार्ड वैलिड नहीं होता और श्रद्धालुओं को पैसे देने पड़ रहे हैं।
हैप्पी कार्ड रिचार्ज होने से कंडक्टरों को भी होगा फायदा
ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन के प्रधान नरेंद्र पांचाल ने बताया कि हैप्पी कार्ड रिचार्ज होने से कंडक्टरों को भी फायदा होगा। उनकी खुले पैसे के लिए होने वाली परेशानी खत्म हो जाएगी। साथ ही यात्रियों की झंझट भी खत्म होगी। भविष्य में सरकार हैप्पी कार्ड धारकों को टिकट में कुछ छूट दे सकती है।
प्रधान नरेंद्र पंचाल ने सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि लोग गूगल पर और पे फोन के माध्यम से भी हमसे टिकट लेने के लिए आग्रह करते हैं पर अभी सरकार के द्वारा यह सुविधा उपलब्ध नहीं है.हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि जल्द से जल्द पे फोन या गूगल पे के माध्यम से भी टिकट देने की प्रक्रिया को शुरू की जाए.जिससे परिचालक और जनता को इसका लाभ मिल सके!
इन परिवारों को मिल रहा फायदा
1.80 लाख रुपए तक की सालाना इनकम वाले परिवार हैप्पी कार्ड बनवा सकते हैं। पिछले साल जून में सरकार ने योजना का शुभारंभ किया था। हैप्पी कार्ड धारक हरियाणा रोडवेज की बसों में 1 हजार किलोमीटर तक का निशुल्क सफर कर सकते हैं।







