अम्बाला : चन्द्रिका ( TSN)-पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज अंबाला छावनी पहुंचे,जहां प्रदेश के अहम मुद्दों को लेकर उन्होंने प्रेसवार्ता की।हुड्डा ने कहा कि लोकसभा में हमारा वोट शेयर बढ़ा है और बीजेपी का घटा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 10 साल में कुछ नहीं किया। उन्होंने न तो कोई नई रेलवे लाईन बिछाई, न नई मेट्रो चलाई,न ही कांग्रेस की तरह कोई नई यूनिवर्सिटी ही बनाई। ऐसे में हर वर्ग भाजपा से दुखी है और आने वाले समय में कांग्रेस बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हमारे राज में हरियाणा नबंर 1 था, लेकिन अब बेरोजगारी में पहले नम्बर पर है। उन्होंने ये भी दावा किया कि हरियाणा प्रदेश की 36 बिरादरी ने यह फैसला कर लिया है कि प्रदेश में आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनानी है।
भाजपा सरकार की गिनवाई खामियां
भाजपा सरकार की खामियां गिनवाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि इस सरकार ने आंगनबाड़ी वर्कर,आशा वर्कर,सरकारी कर्मचारी व सरपंच सभी पर लाठियां बरसाई हैं। अब ये सिर्फ चुनाव देखकर झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। इसके साथ ही हुड्डा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर हरियाणा में खाली पड़े स्वीकृत 2 लाख पदों को पक्की नौकरी देकर भरा जाएगा। इतना ही नहीं कौशल रोजगार निगम को युवाओं के साथ खिलवाड़ बताते हुए हुड्डा ने ऐलान किया कांग्रेस की सरकार बनते ही इसे खत्म किया जाएगा ।
कांग्रेस की गुटबाजी और सीएम चेहरे को लेकर कहा ये
वहीं कांग्रेस की गुटबाजी और मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल से भूपेंद्र हुड्डा नाखुश दिखाई दिए। हुड्डा ने कहा कि ये गुटबाजी की चर्चाएं मीडिया की ही फैलाई हुई हैं। वहीं सीएम पद को लेकर हुड्डा ने कहा कि इसका फैसला कांग्रेस के विधायक और पार्टी करेगी।
हरियाणा पंजाब का शंभू बॉर्डर नहीं होना चाहिए बंद
अंबाला में हरियाणा पंजाब का शंभू बॉर्डर बीते 5 महीने से बंद पड़ा है। जिसका खामियाजा व्यापारियों व आमजन को भुगतना पड़ रहा है। रास्ते बंद होने को लेकर हुड्डा से पत्रकारों ने सवाल पूछा तो पूर्व सीएम ने स्पष्ट कहा कि प्रजातंत्र में सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है लेकिन आवागमन बंद नहीं होना चाहिए। वहीं गुरनाम सिंह चढूनी ने ऐलान किया है कि वो हरियाणा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। चढूनी के इस ऐलान को लेकर हुड्डा ने किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी पर भी तंज कसते हुए कहा कि चढूनी हरियाणा की 90 ही नहीं बल्कि पंजाब और यूपी में भी चुनाव लड़े।
जनता ने नहीं होने दिया राम नाम का राजनीतिक इस्तेमाल
लोकसभा चुनावों में राम मंदिर का फायदा भाजपा को न मिलने के सवाल के जवाब में भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जनता ने राम नाम का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं होने दिया, राम सबके हैं। इसके साथ ही भाजपा पर तंज कसते हुए हुड्डा ने कहा कि आज कांग्रेस घर घर पहुंच चुकी है और भाजपा पन्नों में रह गई है। लोकसभा में इनके पन्नों का क्या हुआ सबने देखा।







