कैथल : ( TSN)– आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने तीन दिवसीय दौरे के तहत कैथल में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि मैं कुरुक्षेत्र लोकसभा की नौ विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं से मिल रहा हूं और सबका आभार व्यक्त करने के लिए आया हूं। लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे तन मन धन व लगन से कार्य किया। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी को 5 लाख 13000 से ऊपर वोट मिले। इस चुनाव ने एक बात तय कर दी है कि जिस इनेलो, जेजेपी और बसपा ने 10 लोकसभाओं में अपने उम्मीदवार खड़े किए। जितने वोट इनके 30 उम्मीदवारों ने मिलकर लिए उससे ज्यादा वोट आम आदमी पार्टी ने अकेले कुरुक्षेत्र में लिए। इनका कोई भी उम्मीदवार अपनी जमानत नहीं बचा पाया और इनको अपने सिंबल को खोने की नौबत आ गई है।
नीट का पेपर लीक होना केंद्र सरकार का सबसे बड़ा घोटाला
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आज हरियाणा में 40 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं और नीट का पेपर लीक होना केंद्र सरकार का सबसे बड़ा घोटाला है। पूरे देश के बच्चे नीट परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। नीट के पेपर पर किस आधार पर ग्रेस मार्क्स दिए गए सरकार इसका जवाब नहीं दे पा रही है। सुप्रीम कोर्ट ने भी बिना आधार के ग्रेस मार्क्स देने पर छात्रों को दोबारा पेपर देने के आदेश दिए हैं। परन्तु छात्रों और अभिभावकों का मानना है कि पेपर लीक हुआ है। जो बिहार में बीजेपी के सहयोग से सरकार चल रही है,वहां पर पेपर लीक का भंडाफोड़ हुआ। अनुराग यादव, अमित आनंद, नितीश कुमार और सिकंदर ने स्वीकार किया कि पेपर से पहले इनके पास प्रश्न पत्र आ गया था। उन्होंने कहा कि यदि देश के भावी डॉक्टर फर्जीवाड़े से बनेंगे और पहले दिन प्रश्न पत्र मार्केट में लीक होकर बिक जाए तो उन होनहार बच्चों की मेरिट खत्म हो जाएगी जो दिन रात मेहनत करते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि लीक होने के कारण यूजीसी नेट का पेपर भी सरकार ने खुद रद्द कर दिया। इसको लेकर भी पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है। सरकार ने इसकी जांच खुद सीबीआई को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो शिक्षा मंत्री के राज में नीट और यूजीसी के पेपर लीक हो रहे हैं और दूसरी तरफ बीजेपी सरकार उस शिक्षा मंत्री को इनाम दे रही है और उसको हरियाणा का चुनाव प्रभारी बना दिया गया है।
बीजेपी को अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं पर विश्वास नहीं
डॉ. सुशील गुप्ता ने किरण चौधरी के कांग्रेस छोड़ने पर कहा कि बीजेपी को अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं पर विश्वास नहीं है। इसलिए बीजेपी इधर उधर की पार्टियों से नेताओं को लेती है और अपने नेताओं को साइड लगा देती है।







