करनाल : चन्द्रिका ( TSN)-हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया आज करनाल जेल पहुंची, जहां उन्होंने जेल में बंद महिला,पुरुष कैदियों और उनके बच्चों से मुलाकात कर उन्हें मिल रही सुविधाओं व मौलिक अधिकारों की जानकारी ली। आयोग की अध्यक्ष ने महिला कैदियों के रहन-सहन और जेल में उनकी स्थिति की समीक्षा भी की।
मीडिया से बातचीत में रेनू भाटिया ने कहा कि वह आज यहां जेल में महिला कैदी और उनके बच्चों से मिलकर उनकी समस्याएं जानने और उनके अपराध करने के कारण के बारे में चर्चा करने आई है। उन्होंने कहा कि पहले हम लोग जब भी विजिट पर आते थे तो महिला कैदियों से मिलकर आ जाते थे लेकिन उनके साथ जो पुरुष कैदी बंद है उनसे भी हम जानना चाहते हैं कि उन्होंने महिलाओं के प्रति अपराध क्यों किये। इसके अलावा 18 से 21 वर्ष के जो बच्चे यहां विभिन्न अपराधों में बंद है उनसे भी अपराध का कारण जानने का प्रयास किया जाएगा।
थर्ड जेंडर और व्हील चेयर पर जीने वाली महिलाओं को भी बनाया जाएगा आर्थिक आत्मनिर्भर
महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि जेल में महिला कैदियों के साथ रहने वाले उनके नाबालिग बच्चों की शिक्षा और उनके रहन-सहन को लेकर जल्द ही ऐसी व्यवस्था की जाएगी ताकि उनके बाल मन पर जेल के माहौल का कोई विपरीत प्रभाव न पड़े। रेणु भाटिया ने कहा कि जल्द ही फरीदाबाद में एक कार्यक्रम किया जाएगा जिसमें मेकअप आर्टिस्ट थर्ड जेंडर महिलाएं ,व्हील चेयर पर जीने वाली महिलाओं और जेल रहने वाली महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जाएगा। सिलाई करने वाली महिला कैदी इनके कपड़े तैयार करेंगी। इसके अलावा वे उनके साथ रैंप पर कैटवॉक भी करेंगी। यह अनोखी पहल महिला आयोग ने पहली बार शुरू की है जिसमें राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष व विभागीय मंत्री विशेष रूप से शामिल होंगे।







