महेंद्रगढ़ :चन्द्रिका ( TSN)-हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुए स्कूल बस हा*दसे में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बस के ड्राइवर को भी हिरासत में लिया गया है। ड्राइवर कथित तौर पर बस के पेड़ से टकराने से ठीक पहले बस से कूद गया था। साथ ही स्कूल के सचिव को भी हिरासत में लिया गया है।
बस का फिटनेस सर्टिफिकेट छह साल पहले हो गया था एक्सपायर
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चालक पर किए गए मेडिकल परीक्षण से पुष्टि हुई है कि उसके रक्त में श*राब मौजूद थी। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घ*टना के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए चौदह छात्रों को छुट्टी दे दी गई है, लेकिन तीन की हालत गंभीर है। गुरुवार को कक्षा 4 से 10 तक के छात्र जीएल पब्लिक स्कूल जा रहे थे, तभी उन्हें ले जा रही बस पेड़ से टकरा गई और पलट गई।बस स्कूल की थी और दस्तावेजों से पता चला कि बस का फिटनेस सर्टिफिकेट छह साल पहले यानी 2018 में ही एक्सपायर हो चुका था।
राज्य सड़क परिवहन अधिकारी को किया निलंबित
पुलिस उपाधीक्षक महेंद्र राणा ने बताया, “भारतीय दंड संहिता की गैर इरादतन ह*त्या और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिटनेस प्रमाण पत्र वैध नहीं होने के कारण मोटर वाहन अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं। ड्राइवर धर्मेंद्र, प्रिंसिपल दीप्ति और एक स्टाफ सदस्य होशियार सिंह, जो सचिव था और बसों और ऐसे अन्य मामलों की देखभाल करता था को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि ड्राइवर के खून में अल्कोहल मौजूद था।”वहीं स्थानीय निवासियों द्वारा यह दावा किए जाने के बारे में पूछे जाने पर कि दुर्घटना से आधे घंटे पहले उनमें से कुछ ने बस को रोककर स्कूल अधिकारियों को बताया था कि ड्राइवर नशे में था.पुलिस अधिकारी ने कहा कि दावा करने वाले व्यक्ति का बयान दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बस के खिलाफ हाल ही में चालान जारी किया गया था।
स्कूल को जारी किया कारण बताओ नोटिस
राज्य की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि ईद की छुट्टी के दिन स्कूल में कक्षाएं क्यों चल रही थीं।उन्होंने कहा, “आज स्कूल नहीं खुला होना चाहिए था। कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और इसके अलावा हमने निजी स्कूलों से स्व-शपथपत्र भी लिए हैं। स्कूलों को एक हलफनामा देना होगा जिसमें बताया जाएगा कि उनके द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे वाहन परिवहन नियमों का पालन कर रहे हैं।”







