पलवल : चन्द्रिका ( TSN)-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर पलवल में तैयारियां शुरू हो गई है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजीव तोमर ने कहा कि योग हमारी प्राचीन धरोहर है,हमें प्रतिदिन योग करना चाहिए। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि योग प्रशिक्षण शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजीव तोमर ने बताया कि जिला उपायुक्त नेहा सिंह के मार्गदर्शन में और नोडल अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त डा. ब्रह्मजीत सिंह रागी के नेतृत्व में 21 जून को जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम पलवल शहर में स्थित सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ-साथ जिला के सभी खंड मुख्यालयों पर भी योग दिवस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि 10 से 12 जून और 13 से 15 जून तक प्रशिक्षण शिविर चलाया जाएगा। जिसमें जिला तथा ब्लॉक स्तर के प्रशासनिक अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सरपंच, पंच या अन्य निर्वाचित सदस्य, पुलिस विभाग के अधिकारी,कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, स्काउट कैडेट के साथ इच्छुक जन साधारण को योग प्रशिक्षण दिया जाएगा।
19 जून को होगी पायलेट रिहर्सल
जिला स्तर पर जिला प्रशासन द्वारा योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, जन साधारण, योग संस्थान पुलिस कर्मी, एनसीसी कैडेट आदि हिस्सा लेंगे। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन जिला स्तर पर पलवल शहर के सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में किया जाएगा। इसके अलावा खंड स्तर पर भी कार्यक्रम के आयोजन किए जाएंगे।







