कुरुक्षेत्र : चन्द्रिका ( TSN)- आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने वीरवार को नामांकन दाखिल किया। इससे पूर्व उन्होंने कुरुक्षेत्र में जनसभा कर रैली निकाली। इस दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एनडी गुप्ता, पंजाब के वित्त मंत्री सरदार हरपाल सिंह चीमा और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा, प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सैनी, पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, पूर्व सांसद सरदार गुरदयाल सैनी, पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह, पूर्व मंत्री हरमिंदर सिंह चट्ठा, पूर्व मंत्री चौधरी सुल्तान जडौला, विधायक मेवा सिंह, विधायक बीएल सैनी और पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, सतबीर भाना मौजूद रहे।
36 बरादरी इंडिया गठबंधन को जिताने के लिए तैयार : भूपेंद्र सिंह हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस का जो न्याय पत्र जारी किया है। उसमें हर वर्ग जवान, बेरोजगार और महिलाओं के लिए एक लाख रुपए, किसानों को एमएसपी की गारंटी व कर्जा माफ और मजदूर को न्यूनतम वेतन 400 रुपए दिया जाएगा। इस बार केवल लोकसभा का चुनाव नहीं है, ये आने वाली सरकार का भी फैसला करेगा। हरियाणा की 36 बरादरी इंडिया गठबंधन को जीताने के लिए तैयार है।
संसद में मजबूती से रखूंगा कुरुक्षेत्र लोकसभा का पक्ष : डॉ. सुशील गुप्ता
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि कुरुक्षेत्र को वही सांसद चाहिए जो जनता के बीच में रहे। जो केवल मंच पर, हवाई जहाज में, हेलिकॉप्टर में रहे वो यहां नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में कोई टक्कर में नहीं है। सबकी जमानत जब्त होगी, आने वाले दिनों में कुरुक्षेत्र में इंडिया गठबंधन के सभी स्टार प्रचारक प्रचार करने आएंगे। डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि
इस लड़ाई में बीजेपी को 10 में से 6 उम्मीदवार उधार लेने पड़े हैं, जनता उनकी भी विदाई करने को तैयार है । उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र लोकसभा की सभी विधानसभाओं के नाम संसद में सुने जाएंगे और यहां की समस्याओं को हल करने के लिए अथक प्रयास करेंगे।
जेल का जवाब वोट से देने को तैयार जनता: हरपाल चीमा
पंजाब के वित्त मंत्री सरदार हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि बीजेपी का सबसे बड़ा डर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल हैं। आज पूरे देश की जनता बीजेपी की तानाशाही को देख रही है। जनता जेल का जवाब वोट से देने के लिए तैयार बैठी है।
बाबा साहेब के संविधान को बदलना चाहती है BJP : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष
वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि भाजपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को बदलना चाहती है। अगर, बीजेपी जीतती है तो ये चुनाव देश का अंतिम चुनाव साबित होगा। लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन को वोट देने का काम करें। पूरे देश और प्रदेश में इंडिया गठबंधन भाजपा का सूपड़ा साफ करने का काम करेगा। हरियाणा में सभी दस सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी जीतने का काम करेंगे।