सोनीपत | बिजली संकट से जूझ रहे सोनीपत के गांव जगदीशपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए राहत भरी खबर है। बिजली निगम मुख्यालय ने गांव में 33 kVA का नया सबस्टेशन बनाने की मंजूरी दे दी है। इससे इलाके में बिजली आपूर्ति पहले से बेहतर और स्थिर होगी। विभाग ने निर्माण प्रक्रिया को दोबारा शुरू कर दिया है और जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने मुआवजा कम बताकर रोकी थी जमीन की डील
दरअसल, पहले बिजली निगम ने गांव में सबस्टेशन के लिए जमीन चिन्हित कर ली थी और मुआवजा भी जारी कर दिया गया था। लेकिन ग्रामीणों ने कलेक्टर दर और बाजार मूल्य में अंतर का हवाला देते हुए मुआवजा लेने से इनकार कर दिया था। मामला बिजली निगम के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा।
नई दरों पर बनी सहमति, अब नहीं रुकेगा काम
अब मुख्यालय ने ग्रामीणों की मांग स्वीकार करते हुए नई दरों पर मुआवजा देने की मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने संशोधित रेट लिस्ट तैयार करने का आदेश दिया है और जल्द ही जमीन की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद बिजली सबस्टेशन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।







