गुरुग्राम : चन्द्रिका ( TSN)-गुरुग्राम पहुंचे पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर टिप्पणी की। कैप्टन ने कहा कि भाजपा के मेनिफेस्टो में सब पुरानी बातें हैं। जनता के हित और देश के विकास की कोई नई बात नहीं जोड़ी गई है। आम जनता को मूलभूत सुविधाएं देने में भी भाजपा सरकार विफल रही है।
कैप्टन अजय यादव ने कहा कि आज प्रदेश व देश में अपराध बढ़ रहा है, महिला सुरक्षा नहीं है। लोकसभा सांसद राव इंद्रजीत के पास ऐसा कोई कार्य नहीं है जो वह जनता को गिनवा दें कि उन्होंने गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन अब तक नहीं बना है, केवल ओबीसी सेल का संगठन राष्ट्रीय से लेकर जिला स्तर तक तैयार है। संगठन न बनने का नुकसान पार्टी को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने जननायक जनता पार्टी द्वारा बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया को गुरुग्राम लोकसभा से चुनाव मैदान में उतारने को लेकर कहा कि राहुल फाजिलपुरिया युवा है और युवाओं को राजनीति में आना चाहिए।







