चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)- आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने प्रेस वार्ता कर ईडी सीबीआई के दुरुपयोग के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। इस दौरान उन्होंने राहुल दादू, मंदीप हुड्डा और राकेश हुड्डा को पार्टी का पटका पहनकर आम आदमी पार्टी में शामिल किया। इस मौके पर उनके साथ डॉ. मनीष यादव, जगबीर हुड्डा, राज कौर गिल, रंजीत उप्पल, करण सिंह धनखड़ भी मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि इंडिया गठबंधन के तहत जब से आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता को मैदान में उतारा है, तब से हमारी टीम में कुरुक्षेत्र लोकसभा के गांव गांव जा रही हैं। इस दौरान हर जगह पर भाजपा का जबरदस्त विरोध देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नायब सैनी जब कुरुक्षेत्र लोकसभा से सांसद थे और यदि उनको मुख्यमंत्री बनाना भाजपा का प्रीप्लान होता तो तीन चार महीने पहले उन्हें प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया जाता। इसका मतलब जब उन्हें अपने प्रदेश अध्यक्ष की हार नजर आने लगी तो उन्हें बचाने के लिए मुख्यमंत्री बनाया और वहां से निकाल लिया। अनुराग ढांडा ने कहा कि इसके बाद एक स्थानीय व्यापारी संदीप गर्ग को चुनाव लड़ाने के लिए पार्टी में लाया गया। लेकिन उन्होंने भी अपने हाथ खड़े कर दिए और उनके मना करने पर भाजपा ने उस पर भी ईडी की रेड करवा दी। अब भाजपा के नेता भी भाजपा की टिकट पर चुनाव नहीं लड़ना चाहते, इसलिए भाजपा उनको भी ईडी और सीबीआई के माध्यम से हैंडल कर रही है। उसके बाद नवीन जिंदल का नाम आया और पिछले 20-25 दिन से नवीन जिंदल का परिवार मना करता रहा कि चुनाव नहीं लड़ेंगे और बीजेपी की तरफ से खबर उड़ाई जाती रही कि नवीन जिंदल चुनाव लड़ेंगे। लेकिन आधे घंटे बाद उनका नाम बीजेपी की उम्मीदवार लिस्ट में आया।







