कुरुक्षेत्र : चन्द्रिका ( TSN)- कुरुक्षेत्र में कल कांग्रेस की जन आक्रोश रैली होने जा रही है । इस रैली में हरियाणा कांग्रेस के बड़े चेहरे कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे ।जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान सिंह व राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा शामिल होंगे।
रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी
आज तैयारी को लेकर पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने रैली स्थल का दौरा किया । पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता बदलाव चाहती है । उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि इस सरकार में हर वर्ग दुखी है चाहे बात युवा की हो, किसान की हो या फिर व्यापारी की ।अशोक अरोड़ा ने कहा कि रैली में भारी संख्या में लोग अनाज मंडी कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि 2024 में होने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है।राम मंदिर पर बोलते हुए उन्होंने कहा की मंदिर बनना अच्छी बात है, लेकिन भगवान राम के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए ।
अशोक तंवर ने बदले कई ठिकाने
अशोक तंवर द्वारा आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल होने पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के छोड़ने के बाद उन्होंने कई ठिकाने बदले हैं । यह उन्हीं से पूछना चाहिए कि उनका अगला ठिकाना क्या होगा।







