कुरुक्षेत्र(TSN): पूरा देश भगवान श्री राम के नाम के रंग में रंग चुका है और पूरे देश में राम मय माहौल दिखाई दे रहा है। भगवान श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर हर कोई उत्साहित है। यह बात कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कही। उन्होंने कहा की 500 साल बाद यह सपना साकार होने जा रहा है और ऐतिहासिक दिन आने वाला है। पूरे देश में राममय माहौल बन चुका है आज हर भारतीय में खुशी है और उत्साह है,जिस प्रकार के मंदिर की कल्पना की गई वैसा ही सुंदर और भव्य मंदिर निर्माण हो रहा हैं।
कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि अभी सारे लोग वहां नहीं जा सकते इसलिए प्रधानमंत्री ने उस दिन घर रहकर ही सभी को दीए जलाने के लिए कहा है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का दिन दीपावली से कम नही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी वहां जा सकेंगे इसके लिए एयरपोर्ट ,रेलवे स्टेशन सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की गई है। मीडिया की ओर से पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि हम सरकार की तुलना राम राज्य से नहीं कर सकते लेकिन हम महापुरुषों के आदर्शो और उनके दिखाए मार्ग पर चल रहे है। आज हर काम पारदर्शिता से हो रहा है विकास कार्यों,रोजगार में किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं हैं। उन्होंने कहा की बहुत जल्द सरकार एक सर्वे करवाने जा रही है उसे सर्वे के अनुसार जिस चीज की जहां पर जरूरत है जहां हॉस्पिटल बनना चाहिए जहां कॉलेज बनना चाहिए जहां स्कूल बनना चाहिए वह बनाया जाएगा किसी की सिफारिश की जरूरत नहीं है हम या नहीं कहते कि रामराज्य लेकर आए हैं लेकिन हम उसे दिशा में चल रहे हैं जिस तरफ हमारे महापुरूषों ने हमें चलने का आवाह्न किया हम उसी पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।
बदले की भावना से काम नहीं करती बीजेपी
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को बार-बार ईडी का समन मिलने के बाद भी वह पेश नहीं हो रहे है और उनका कहना है कि भाजपा यह सब करवा रही है। इस सवाल का जवाब देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा बदले की भावना से काम नही करती और न ही ऐसी सोच रखती है। अरविंद केजरीवाल की देश के संविधान और कानून के प्रति कोई श्रद्धा नहीं है। वैसे तो वह संविधान की बातें करते हैं।पूछताछ के लिए अगर बुलाया है तो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे उस समय कई घंटे तक जांच एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की लेकिन नरेंद्र मोदी ने कभी ऐसा नहीं कहा कि मुझे क्यों बुलाया जा रहा है। नरेंद्र मोदी पाक साफ थे और जांच में भी पाक साफ निकले। उन्होंने कहा कि हमारे कई नेताओं के साथ इस प्रकार का व्यवहार हुआ लेकिन कभी भी किसी ने ऐसा नहीं कहा कि हम पेश नहीं होंगे।अगर अरविंद केजरीवाल पाक साफ है तो उन्हें जाना चाहिए और अपनी बात रखनी चाहिए।
जनता भारतीय जनता पार्टी के राज से बेहद खुश
आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा पर कैबिनेट मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने कहा की केवल आम आदमी पार्टी बदलाव चाहती हैं लेकिन प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी के राज से बेहद खुश हैं। पहली बार ऐसी सरकार आई जो सबके लिए काम कर रही है। मौजूदा सरकार की नीतियों से सभी खुश है।







