रोहतक(TSN): अगर आपके मन में कुछ कर गुजरने की चाह है और आपका लक्ष्य तय है तो आप उसे जरूर अपनी मेहनत से हासिल कर सकते है। इस बात को सच कर दिखाया है हरियाणा के रोहतक के एक साधारण परिवार की 24 वर्षीय बेटी की। किसान परिवार की बेटी हिमानी देशवाल ने हिमाचल प्रदेश न्यायिक भर्ती परीक्षा पास की है और वह जज बन गई हैं। बेटी के जज बनने से माता पिता,गांव और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल बना हुआ है। हिमानी के जज बनने पर उसे शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है
हिमानी देशवाल ने हिमाचल प्रदेश न्यायिक भर्ती परीक्षा में छठा रैंक हासिल किया है। हिमानी की कामयाबी से उसके पैतृक गांव और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल बना हुआ है। हिमानी देशवाल के पिता दिनेश देशवाल एक साधारण किसान और माता कविता गृहिणी हैं। हिमानी ने बताया कि उनके माता-पिता ने उसे खूब पढ़ाया-लिखाया, जिसकी बदौलत आज वह जज बन गई है। हिमानी ने रोहतक स्थित एमडीयू यूनिवर्सिटी से वर्ष 2022 में एलएलबी की परीक्षा पास की थी। तभी से न्यायिक भर्ती परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। हिमानी ने 12वीं की पढ़ाई सोनीपत जिले के खरखोदा स्थित प्रताप सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की। हिमानी के रोहतक जिले में अपने गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत होगा और पंचायत भी बेटी को समानित करेगी।







